बदायूॅं जनमत। उझानी स्थित भारत मिंट एंड एलाइड केमिकल्स मेंथा फैक्ट्री में तीन सुरक्षा गार्डों की संदिग्ध मौत के मामले में परिजन गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने उझानी कोतवाली पुलिस पर अविश्वास जताते हुए मामले की जांच सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय से कराने की मांग की।
मामला उझानी के दिल्ली हाईवे स्थित कुढ़ा नरसिंहपुर गांव का है। 12 जनवरी की सुबह फैक्ट्री परिसर में बने केबिन के अंदर तीन सुरक्षा गार्ड मृत पाए गए थे। मृतकों की पहचान जोगेंद्र पुत्र रामबहादुर निवासी बसावनपुर (तहसील बिल्सी), विवेक पुत्र रजिस्टर निवासी पसेई और भानू पुत्र श्रीपाल निवासी मुरसेना (तहसील दातागंज) के रूप में हुई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उझानी कोतवाली पुलिस ने अब तक उनका बयान तक दर्ज नहीं किया है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री संचालन से जुड़े कुछ अहम ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं, लेकिन पुलिस उन्हें विवेचना में शामिल नहीं कर रही है।
सीओ सिटी से निष्पक्ष जांच की मांग…
परिजनों ने कहा कि हाल ही में सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय को वीरता पदक भी मिल चुका है और क्षेत्र में उनकी ईमानदारी की चर्चा है। ऐसे में वही अधिकारी इस मामले की निष्पक्ष जांच कर सकते हैं। एसएसपी कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने परिजनों को जांच सीओ सिटी से कराने का आश्वासन दिया है।

