तीन बेटियां होने पर पत्नी के निजी अंग में सरिया डाली; हालत गंभीर, पति समेत सात पर रिपोर्ट दर्ज

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। एक महिला के साथ बर्बरता करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन बेटियां होने पर महिला के निजी अंग में सरिया डालकर उसे जान से मारने की कोशिश की गई। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली पीड़ित महिला की शादी मई 2007 में उझानी क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। पीड़िता ने बताया कि भाइयों ने शादी में नौ लाख रुपये खर्च किए, बावजूद इसके लालची ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना मारते रहे। यह बात भाई को बताई तो उन्होंने शांति से रहने को कहा। कुछ समय बाद पहली बेटी होने पर पति ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दूसरी, फिर तीसरी बेटी होने पर पति व ससुराल वालों ने बर्बरता शुरू कर दी। वे आए दिन कमरे में बंधक बनाकर पीटते थे। चौथी बार गर्भवती होने पर धमकाया था कि यदि इस बार बेटा नहीं हुआ तो घर से निकाल दिया जाएगा।
आरोप है कि छह साल पहले बेटा होने के बावजूद पति खुश नहीं हुआ। आरोप है कि उसके एक रिश्तेदार से अवैध संबंध हो चुके थे। पीड़ित के अनुसार, तीनों बेटियां बड़ी होने लगीं तो ससुराल वालों के ताने भी बढ़ते गए। पति भी बेटियों पर खर्च के बहाने प्रताड़ित करता रहा। 27 फरवरी की रात को भी इस बात पर विवाद हुआ।
विरोध करने पर पति, सास, ननद, देवरानी व ससुर ने कमरे में बंद कर पीटा। पति व देवरानी की बहन से सरिया से हमला किया, जिससे बचने के प्रयास में अंगुली टूट गई। इस बीच देवरानी की बहन ने पैर पकड़े, पति ने निजी अंग में सरिया डाल दिया। बर्बरता के कारण महिला बेसुध हो गई, तब आरोपी उसे छोड़कर भाग निकले।
इसी आधार पर पुलिस ने सोमवार को महिला के पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि दहेज उत्पीड़न व जान से मारने की कोशिश की धारा में रिपोर्ट की गई है। जो भी आरोप लगाए हैं, उनकी पुलिस जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

काल्पनिक चित्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *