बदायूॅं जनमत। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल के बायोगैस प्लांट में दो अधिकारियों की हत्या करने के आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की मां के नाम से संचालित राशन की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। गांव के बाहर बनी उसकी छह दुकानों व मकान पर ध्वस्तीकरण की तैयारी है।
आरोपी अजय प्रताप सिंह की गांव के बाहर बक्सेना मार्ग पर छह दुकानें हैं। तहसील प्रशासन के मुताबिक, यह दुकानें सड़क पर गलत तरीके से बनी हैं। सड़क के चौड़ीकरण का काम होना है। इस कारण इन दुकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई होगी। इसके साथ ही कुछ अन्य लोगों के घर व दुकानों पर भी कार्रवाई हो सकती है। शनिवार को दातागंज एसडीएम की टीम ने नापजोख कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
शस्त्र लाइसेंस किए जाएंगे निरस्त…
आरोपी अजय प्रताप सिंह के परिवार में तीन से अधिक शस्त्र लाइसेंस हैं। डीएम अवनीश राय ने कहा कि सभी शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश मिश्रा ने कहा कि आरोपी की मां किरन देवी के नाम से संचालित राशन की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि आरोपी अजय प्रताप सिंह के परिवार में शामिल राशन की दुकान व शस्त्र लाइसेंसों के निरस्तीकरण की भी नियमानुसार कार्रवाई चल रही है। जो भी अवैध निर्माण सामने आएगा, उसके ध्वस्तीकरण की भी कार्रवाई होगी।
प्लांट पुलिस चौकी इंचार्ज बने प्रदीप…
एसएसपी अंकिता शर्मा ने शनिवार देर रात एचपीसीएल प्लांट पुलिस चौकी पर पुलिस कर्मियों की नियुक्ति कर दिया है। यहां पर फैजगंज बेहटा थाने से एसआई प्रदीप कुमार को चौकी प्रभारी बनाया गया है, जबकि एसआई लियाकत अली खां, सिपाही अवनीश कुमार, कुलदीप कुमार, छोटू भागर्व, मनीष, सुबोध कुमार, विकास कुमार, सुमित कुमार, विपिन भाटी को पुलिस लाइन से प्लांट पुलिस चौकी थाना मूसाझाग में तैनाती दी गई है।

