बदायूॅं जनमत। दातागंज तहसील बार वेलफेयर एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव को साथ लेकर डीएम से मिले। दातागंज तहसीलदार के न्यायालय में बीती 28 फरवरी को घटित घटना के संदर्भ में विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा तहसीलदार दातागंज का रवैया अधिवक्ताओं एवं आम जनता के प्रति संतोषजनक नहीं है। उनकी कार्यशैली एक अधिकारी की न होकर राजनेता की है। बार की पूर्व अध्यक्षा आशा दिक्षित, कुलदीप अग्निहोत्री एवं राकेश पुष्कर के साथ हुए दुर्व्यवहार के कारण तहसीलदार दातागंज न्यायालय का निरंतर बहिष्कार चल रहा है। जिससे वाद कारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार की कार्य प्रणाली की जांच एवं उनके शीघ्र स्थानांतरण की मांग डीएम के समक्ष रखी। जिसके बाद डीएम ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान देवपाल सिंह, महासचिव संदीप कुमार मिश्रा, दातागंज बार के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, महासचिव संतोष कुमार सिंह, बार के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद इसहाक एडवोकेट, आशा दिक्षित, ओमपाल सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद थे। वहीं बार अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा है कि कल बार भवन में बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

