बदायूॅं जनमत। समाजवादी पार्टी के आंवला सांसद नीरज मौर्य ने मंगलवार को दातागंज विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण किया। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। वहीं कस्बा उसहैत में मृतक बारातियों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
सपा सांसद नीरज मौर्य उसावां और उसहैत के दौरे पर रहे। इस दौरान वह उसहैत के वार्ड संख्या दो निवासी ताहिर शाह उर्फ नन्ने और वार्ड संख्या सात निवासी इशरत खान टाल वालों के घर भी पहुंचे। उन्होंने बस हादसे की जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिवारों सांत्वना दी।
बता दें कि रविवार देर शाम कस्बा उसहैत के वार्ड संख्या सात निवासी फिरासत शाह के बेटे सोहिल की बारात मुजरिया थाना क्षेत्र के कोल्हाई जा रही थी। रास्ते में सब्दलपुर के पास तेज रफ्तार बस कटर लगे ट्रैक्टर से टकरा गई। जिससे बस बुरी तरह छतिग्रस्त हो गई। बस में सवार साजिद (24) और फरहान (12) की मौत हो गई। वहीं पांच से अधिक घायल हुए थे। घायलों का उपचार अब भी राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
सांसद नीरज मौर्य के साथ समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष सतीश यादव, सुनीता पाल, उसहैत नगराध्यक्ष सैयद असगर अली, जिला पंचायत सदस्य अनिल कृष्णा, हन्नान मियां, मुहिद खान, इमरान, तैय्यब, सभासद हसरत हुसैन, धर्मेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।


