बदायूं में बोलेरो पेड़ से टकराई; एक की मौत, 09 घायल, गोदभराई में जाते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शुक्रवार को गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होने जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा कादरचौक-उसैहत रोड पर मामूरगंज और सिमर्रा गांव के बीच हुआ। बताया गया कि कौआ नगला गांव निवासी विजय सिंह (48) अपने भतीजे प्रदीप की गोदभराई रस्म में शामिल होने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बोलेरो से हजरतपुर थाना क्षेत्र के कलईया खेड़ा गांव जा रहे थे। रास्ते में बोलेरो की प्रेशर बेल्ट टूटने से स्टेरिंग फेल हो गया। तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुन्नालाल, केसरी, शिवराज, मुनीष, नेत्रपाल, सुमन, भोले, धान सिंह और चालक मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर कादरचौक सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *