उर्से ताजुश्शरिया को लेकर बैठक; डीएम की अध्यक्षता में SSP समेत आला अधिकारियों ने भाग लिया

धार्मिक

बरेली जनमत। क़ाज़ी ए हिंदुस्तान की सरपरस्ती में 24 और 25 अप्रैल को होने वाले 8वें उर्से ताजुश्शरिया को लेकर आज विकास भवन में डीएम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक एसएसपी एवं उर्स प्रभारी सलमान मियां के निर्देशानुसार जमात के प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नगर निगम, विधुत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, पीडब्ल्यूडी, फायर ब्रिगेड, डीआईओएस, डीआरएम, रोडवेज आरएम एवं बरेली एयरपोर्ट जैसे विभागों को उर्स को लेकर निर्देशित किया गया। दौरान उर्स में आने वाले ज़ायरीनों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम को निर्देशित किया गया कि पूरे उर्स क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। कूड़ा निस्तारण के लिए अतिरिक्त वाहन एवं कर्मचारी तैनात किए जाएं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, अस्थायी शौचालयों की स्थापना तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।पुलिस विभाग को उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन तथा महिला सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्स के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और ज़ायरीनों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को सही व समय से पूरा करने का आश्वासन दिलाया। डीएम ने कहा कि इस आयोजन को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी विभाग पूर्ण रूप से सक्रिय रहेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से उर्स कोर कमेटी के डॉक्टर मेहंदी हसन, हाफ़िज़ इकराम, मोलाना इंतिज़ार, शमीम अहमद, अब्दुल्लाह रजा़ खां, मौलाना निजामुद्दीन, कौसर अली, यासिन ख़ान, साहिल अली, शीबुद्दीन रज़वी, मौहम्मद करीम उद्दीन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *