बदायूं में युवक की पीट-पीटकर हत्या; बाइक टकराने पर हुआ विवाद, शादी के घर में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चितरी द्वारिकापुरी में बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे बाइक टकराने के बाद हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना क्षेत्र के गांव सुकटिया निवासी अजय (24 वर्ष) के परिवार में शाम को ही बरात जानी थी। कुछ सामान लेने वह हजरतपुर से गांव लौट रहा था। रास्ते में चितरी द्वारिकापुरी गांव में उसकी बाइक गांव के ही जितेंद्र, विपिन व अनुज की बाइक से टकरा गई। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने अजय को बेरहमी से पीटा।
अजय के पीछे से आ रहे भाई पवन, तहेरा भाई पंकज और फर्रुखाबाद के भोला सोथा निवासी बहनोई श्यामवीर मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने घटना की जानकारी ली तो आरोपियों के सात-आठ परिजन निकल आए और इन पर भी हमला बोल दिया, जिससे भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आते ही हमलावर गांव में ही भाग गए। श्यामवीर का आरोप है कि जमीन पर बेसुध पड़े अजय को लातों से मारा गया। परिजन अजय को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही सुकटिया गांव में शादी वाले घर में कोहराम मच गया। खुशियों की जगह मातम पसर गया। अजय नोएडा में नौकरी करता था। उसकी दो छोटी बच्चियां हैं। घर में पत्नी और परिवारवाले रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक के चाचा नेकसू ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष हजरतपुर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस…

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। हमलावर घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। परिजनों ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गांव में शादी की तैयारियां रुक गई हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ दातागंज राहुल पांडेय ने बताया कि यह मामला सड़क हादसा का लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजन जो शिकायत करेंगे उस आधार पर जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *