बदायूॅं जनमत। जिले के एक गांव में इंस्टाग्राम पर फोटो डालने से नाराज किशोरी ने घर में ही फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम को भेजा।
कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी का शव बृहस्पतिवार की सुबह घर में फंदे से लटकता मिला। जिसे देखकर घर में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी जमा हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दी गई। कुछ देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भीड़ के बीच पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप है कि किशोरी, भैंसों को चारा डालने के लिए घेर में गई थी, तभी गांव के ही एक युवक ने रास्ते में उसका फोटो खींचकर अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर लगा दिया। जिसकी शिकायत करने मृतका के परिवारजन युवक के घर गए थे। इसी बीच किशोरी अपने घर के दो मंजिला पर चली गई और कुंडे में अपने दुपट्टे से फंदा लगाकर झूल गई।
उसकी मौत के काफी देर तक घर वालों को पता नहीं लगा। जब काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जब परिजन छत पर पहुंचे तो कमरे में किशोरी का शव लटका देखा। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

