गंगा नदी में डूबी 13 साल की लड़की; कासगंज से परिवार के साथ आई थी कछला, पीएम से इनकार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गंगा स्नान के दौरान एक 13 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। यह घटना आज दोपहर उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला गंगा घाट पर हुई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
कासगंज के बहेड़िया गांव निवासी संजू अपने परिवार के साथ आज सुबह कछला घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान उनकी बेटी मुस्कान (13) गहरे पानी में चली गई। वहां पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगी। मुस्कान को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद गोताखोर और कछला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोर मुस्कान के शव को गंगा से बाहर निकाल पाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोरी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने लिखित में इससे इनकार कर दिया। उझानी के एसएचओ प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों के इनकार के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *