बदायूॅं जनमत। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं विद्युत संविदा कर्मचारियों ने आगामी 24 जून को शक्ति भवन लखनऊ पर होने वाले धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए विद्युत संविदा कर्मचारियों ने बिसौली के मदनलाल इंटर कॉलेज के प्रांगण में बैठक का आयोजन किया। कर्मचारियों को जागरूक कर अधिक से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की।
उपस्थित विद्युत संविदा कर्मचारियों ने बिसौली से पूर्व विधायक कुशाग्र सागर के प्रतिनिधि मनोज शर्मा के द्वारा विद्युत संविदा कर्मचारियों के संबंध में सोशल मीडिया पर दिए गए बयान पर कर्मचारियों ने रोष व्याप्त किया। जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी पूर्ण निष्ठा व इमानदारी से कार्य कर रहे हैं। संघ उनके बयान की निंदा करता है। उनका बयान मजदूरों का मनोबल तोड़ने वाला बयान है।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने बताया कि पावर कॉर्पोरेशन ने अपने ही आदेश दिनांक 15 मई 2017 का उल्लंघन कर 25 हजार विद्युत संविदा कर्मचारियों को कार्य से हटा दिया। बिसौली डिवीजन से 120 कर्मचारी हटाए गए हैं जिसकी वजह से काम का दबाव बड़ा है और लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया की 22 अप्रैल से 28 मई तक पूरे प्रदेश में 37 दिनों में 36 दुर्घटनाएं हुई हैं। जिसमें 23 कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है और 14 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिनका कॉरपोरेशन संज्ञान नहीं ले रहा।
बैठक में अमर सिंह, धर्मेंद्र, जगदीश, धर्मवीर, रंजीत, प्रदीप कुमार, बिजेंदर, रविंदर, अशोक, शिवम, रूपेंद्र, अरविंद, ललित, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

