बदायूं में बंदर की घुड़की से जीने से गिरा शख्स, इलाज को ले जाते समय तोड़ा दम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मंगलवार को एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लगभग 60 वर्षीय नबाब सिंह, जिन्हें स्थानीय रूप से पुजारी के नाम से जाना जाता था, बंदर की घुड़की से घबराकर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बुर्रा फरीदपुर निवासी नबाब सिंह मंदिर से आकर छत पर रामायण पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान एक बंदर ने उन्हें घुड़की दी, जिससे वह हड़बड़ाहट में जीने से फिसलकर गिर पड़े। गिरने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया।
नबाब सिंह के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। परिजनों का दुखद स्थिति में बुरा हाल था। गांव में भी घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई, और स्थानीय लोगों ने परिवार को सांत्वना दी। परिजनों ने इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं कराई, जिसके चलते शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका और उसे घर ले आया गया। नबाब सिंह यादव पूजा-पाठ करने वाले व्यक्ति थे, इसलिए उन्हें ‘पुजारी’ कहा जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *