पशुशाला में फंदे से लटका मिला युवक का शव, दो महीने पहले हुई थी शादी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के आजमगंज मड़िया गांव में रविवार तड़के 22 वर्षीय ओमवीर का शव पशुशाला में फंदे पर लटका मिला। ओमवीर की शादी दो माह पहले हुई थी। मृतक के ससुराल पक्ष ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
आजमगंज मड़िया गांव निवासी ओमवीर की शादी करीब दो माह पहले रिंकी से हुई थी। ओमवीर रक्षाबंधन के बाद पत्नी को लेने ससुराल गया था। आरोप है कि रिंकी वहां से ओमवीर के साथ वापस नहीं आई। परिजनों के मुताबिक, ओमवीर शनिवार को अकेला ही घर लौट आया था। पत्नी के साथ वापस न आने से वह परेशान था।

ससुर ने लगाया हत्या का आरोप…

परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह तड़के वह पशुशाला में पशुओं को चारा डालने के लिए गया। कुछ देर बाद उसका शव पशुशाला के कमरे में फंदे पर लटका मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग पहुंच गए। मृतक के ससुर बांदु राम ने आरोप लगाया कि ओमवीर ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया है।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ओमकार गांव के मंदिर पर रहते हैं। पुलिस ससुराल पक्ष के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में सामने आए तथ्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *