बदायूॅं जनमत। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम गौतम ने बताया गया की सर्वाधिक दुर्घटनाएं ओवर स्पीड एवं चालक द्वारा लापरवाही से वाहन संचालित करने के कारण होती हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा इंटरसेप्टर से सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत शनिवार एवं रविवार को 122 ओवर स्पीड, 19 बिना हेलमेट, 32 बिना सीट बेल्ट, 05 रॉन्ग साइड ड्राइविंग एवं 20 वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने के अभियोग में चालान की कार्रवाई की गई है।
साथ ही खनन में संलिप्त 10 वाहनों पर ओवरलोड के अभियोग में विभिन्न थाने कुंवरगांव, बिनावर एवं उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज की कार्रवाई की गई। जिनके द्वारा 5 लाख रुपए प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराया गया। अनधिकृत रूप से संचालित 01 बस भी उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज की गई है।
उन्होंने जन सामान्य से अनुरोध करते हुए कहा कि यातायात के नियमों का पालन करें, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, तेज गति से वाहन ना चलाएं, यातायात के नियमों का पालन न करने पर नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

