उसहैत में मकान का लेंटर गिरा, इलाज के दौरान दूसरे मजदूर की भी मौत, अब तक दो की मृत्यु

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। म्याऊं-उसहैत लिंक रोड किनारे बसे गांव में निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भर-भराकर गिर पड़ा। जिसमें मकान स्वामी समेत तीन लोग दब गए। हादसे की सूचना पर गांव और प्रशासन में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत और जेसीबी मशीन की मदद से तीनों को निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव नसीरनगर में रोड किनारे पन्नालाल यादव पुत्र धर्मपाल सिंह का मकान बन रहा था। आज रविवार दोपहर से मकान का लेंटर डाला जा रहा था। मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मकान का लिंटर अचानक भर-भराकर गिर पड़ा। लिंटर के नीचे मकान स्वामी पन्नालाल (28) पुत्र धर्मपाल सिंह, चंद्रभान (36) पुत्र रतन सिंह और अवनीश (30) पुत्र राजपाल (पन्नालाल का साला) निवासी गांव मदनपुर सेंटा थाना कलान जनपद शाहजहांपुर दब गए।
हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से लेंटर का मलबा हटाया गया। वहीं जेसीबी मशीन से मलबे के नीचे दबे घायलों को निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने मकान स्वामी के साले अवनीश पुत्र राजपाल यादव को मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ देर इलाज के दौरान चंद्रभान पुत्र रतन सिंह की भी मौत हो गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। इससे परिजनों का बुरा हाल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *