बदायूं में 50 से अधिक गौवंश मरे, बजरंग दल ने रोका दफन, NGO चलाता है गौशाला

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। ब्लॉक क्षेत्र म्याऊं में एक गौ आश्रय स्थल पर 50 से ज्यादा गौवंश की मौत हो गई। रविवार को हुई इस घटना की जानकारी मौके पर पहुंचकर म्याऊं ज्ञानवीर ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दी। इसके बाद 12 डॉक्टरों का एक पैनल मौके पर भेजा गया।
गांव अभिगांव में स्थित एक गौ आश्रय में गौवंश की मौत की खबर मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। ब्रज प्रांत के मंत्री पंकज गुप्ता और जिला अध्यक्ष करन दक्ष समेत कई कार्यकर्ता गौशाला पहुंचे। यहां मृत गौवंश को दफन करने को लेकर बजरंग दल और कुछ प्रशासनिक कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई।
जानकारी मिलने पर दातागंज एसडीएम विनोद कुमार सिंह, सीवीओ और अलापुर थाना अध्यक्ष शनि चौधरी, उसावां थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, दातागंज थाना अध्यक्ष स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दफन करने से पहले मृत गौवंश का पोस्टमार्टम कराया जाए और बीमार पशुओं की संख्या की पुष्टि की जाए।
एसडीएम से काफी देर बातचीत के बाद कार्यकर्ता शांत हुए। देर शाम तक न किसी गौवंश को दफन किया गया और न ही पोस्टमार्टम हो सका। एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। यह गौशाला शारदा समिति नाम का एक एनजीओ चलाता है। गौशाला में 442 गौवंश पंजीकृत हैं, लेकिन मौके पर 282 ही पाए गए। वहीं ब्लॉक से एडीओ पंचायत दिनेश कुमार सिंह एवं पंचायत अधिकारी नौसी परवीन मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *