बदायूँ जनमत। गुरुवार रात मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मैजिक वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वही पुलिस ने वाहन के चालक की तलाश भी शुरू कर दी है।
हादसा वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कुनार के पास हुआ। थाना सिविल लाइंस इलाके के गांव सोवरनपुर निवासी त्रिवेणी का बेटा मचकेंद्र (20) और आशीष पुत्र विष्णु बाइक से बिसौली की ओर से गुरुवार रात वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में विपरीत दिशा से आ रहे मैजिक वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि हादसे में दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। इधर ड्राइवर वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस युवकों को अस्पताल लेकर आई। यहां उन्हें मृत घोषित होने के बाद उनकी जेबों की तलाशी ली गई तो जेब में मिले कुछ दस्तावेजों के आधार पर उनके शवों की शिनाख्त हो सकी। वहीं मोबाइल सेट भी मिला, उस मोबाइल से ही पुलिस ने परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी तो परिवार के लोग रोते बिलखते देर रात जिला अस्पताल पहुंच गए।
