बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। हजरतपुर थाना क्षेत्र में ग्राम जमालपुर से आगे ब्रह्मदेव स्थान के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सजनी की ओर से आ रहे साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पीआरबी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने थाना प्रभारी हजरतपुर पुष्पेंद्र सिंह को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक की पहचान पिंकू पुत्र अजय प्रताप सिंह, निवासी ग्राम चरखोला, थाना खुदागंज, जनपद शाहजहांपुर के रूप में की है। बताया गया कि पिंकू अपनी ससुराल ग्राम जमालपुर में राजबाबू ठाकुर पुत्र सिपस्टर सिंह के घर जन्मदिन की दावत में शामिल होने आया था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *