जरीफनगर थाने से भागा चोरी का आरोपी, अगले दिन दहगवां से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जरीफनगर थाने से शुक्रवार देर शाम भागे चोरी के आरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन को पुलिस ने शनिवार सुबह दहगवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के भागने के बाद से ही पुलिस की टीमें उसको पकड़ने के लिए आसपास के होटलों, ढाबों और चाय की दुकानों पर छापा मारती रहीं। शुक्रवार की देर शाम आरोपी शौचालय से हथकड़ी की रस्सी खोलकर हथकड़ी के साथ ही रोशनदान से भाग निकला था।
जरीफनगर क्षेत्र के दहगवां चौराहे पर सपा नेता लड्डुन मियां के पेट्रोल पंप की रसोई से दहगवां के वार्ड एक निवासी मिथुन उर्फ टिकाऊ ने सिलिंडर चोरी कर लिया था। चोरी के बाद उसने सिलिंडर खेत में फेंक दिया। चोरी की यह वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने जरीफनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद चोरी के आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस पकड़ कर थाने लेकर आई थी।

शौचालय के बाहर हथकड़ी की रस्सी पकड़े खड़ा रहा सिपाही…

थाने में उससे पूछताछ की गई। आरोपी को हथकड़ी भी लगाई गई थी। वह शौच के बहाने शौचालय गया था। सिपाही हथकड़ी की रस्सी पकड़े बाहर खड़ा रहा। शौचालय के अंदर आरोपी ने हथकड़ी की रस्सी खोल ली और रोशनदान से भाग निकला। काफी देर होने पर सिपाही ने आरोपी को आवाज दी, कोई जवाब नहीं मिलने पर सिपाही ने दरवाजा खटखटाया। सिपाही ने दरवाजे पर लात मारी तो दरवाजा खुल गया।
शौचालय के अंदर आरोपी नहीं थी। आरोपी के भागने से थाने में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी का विवरण थाने की जनरल डायरी (जीडी) में भी दर्ज नहीं था, बल्कि पूछताछ के लिए लाए जाने का तस्करा दर्ज किया गया था। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि शनिवार सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के भागने के मामले में कार्रवाई की जा रही है।

जरीफनगर थाने से फरार चोरी का आरोपी : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *