बदायूॅं जनमत। भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं आयरन लेडी स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर शफी अहमद ने रक्तदान कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन में 36वीं बार रक्तदान किया। शफी अहमद ने कहा इंदिरा गांधी ने अपनी शहादत से एक दिन पहले 30 अक्टूबर 1984 को भुवनेश्वर में दिए अपने अंतिम सार्वजनिक भाषण में कहा था जब मैं मरूंगी, तो मेरे खून की हर एक बूंद भारत को ऊर्जा देगी और उसे मजबूत बनाएगी।
शफी अहमद ने कहा कि उनके बलिदान दिवस पर रक्तदान करना मानवता की सेवा के माध्यम से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मददगार बन सकती है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। शफी अहमद ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल रक्तदान करना नहीं, बल्कि समाज में मानवता, भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। 36वीं बार रक्तदान करके उन्होंने जरूरतमंदों की मदद और जनसेवा का संदेश दिया। अंत में उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी को नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।


