बदायूँ जनमत। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं विवेक संगल की अध्यक्षता में संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘एक स्वर एक संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के दिल्ली पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा बड़े स्तर पर सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का हिंदी भाषा में वाचन किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल के लगभग 612 छात्र-छात्राओं सहित जनपद के अन्य विद्यालयों के लगभग 1,71,930 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस प्रकार जनपद के कुल 1,72,542 विद्यार्थियों ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आंचल राना धवन ने छात्र-छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों, विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम-1987, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के महत्व एवं उसमें निहित मूल्यों पर भी प्रकाश डाला तथा उपस्थित विद्यार्थियों के साथ प्रस्तावना का वाचन किया।
इसी क्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विवेक संगल ने प्रशस्ति-पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की ड्रोन के माध्यम से वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।
इस अवसर पर प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रिंकू, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी (पीए) एक्ट राजवीर सिंह, षष्ठम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट ऋषि कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद तौसीफ रजा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय नवेद मुजफ्फर, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/त्वरित न्यायाधीश अंकित रस्तोगी, अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय संख्या-1 भारती तायल तथा जिला विद्यालय निरीक्षक लाल जी यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा वाद्य यंत्रों के साथ राष्ट्रगान के गायन से हुआ। इसके अतिरिक्त दीवानी न्यायालय परिसर में भी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों, न्यायिक कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।


