बदायूं जामा मस्जिद चौराहे पर आबिद रज़ा और फखरे अहमद शोबी भिड़े, प्रशासन ने सभांला मोर्चा

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। माहे रमजान के आखिरी जुमा (अलविदा) की नमाज के बाद जामा मस्जिद शम्सी के बाहर सपा के दो नेता आपस में भिड़ गए और हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस और पीएसी फोर्स ने जैसे-तैसे मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को तितर बितर कर मामले को शांत करा दिया। इसके बाद एसएसपी डॉ. ओपी सिंह सहित अफसरों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया है। वहीं पुलिस फोर्स तैनात किया है।
आज शुक्रवार को शहर की जामा मस्जिद में अलविदा जुमा की नमाज के बाद लोग बाहर निकल रहे थे। जामा मस्जिद चौराहे पर एक तरफ सपा के पूर्व मंत्री आबिद रजा और उनके समर्थक तो वहीं दूसरी तरफ सपा नेता फखरे अहमद शोबी खड़े थे। मस्जिद से निकलकर आने वाले लोगों से मिलने को लेकर एक दूसरे से पीछे हटने को कहने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस जब तक लोगों को समझा पाती तब तक दोनों पक्षों में जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। दोनों पक्षों के समर्थकों में हंगामा और धक्का-मुक्की के साथ गाली गलौच होना शुरू हुआ। इसी बीच सिटी मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार और सीओ सिटी आलोक मिश्रा सहित पुलिस फोर्स और पीएसी ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस फोर्स और पीएसी ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस दौरान दो पक्षों के बीच विवाद को देखकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और भीड़ बढ़ती चली गई। आधे घंटे तक चले हंगामा और धक्का-मुक्की के बाद मामले को अब पूरी तरह शांत करा दिया गया। इसके बाद एसएसपी डा. ओपी सिंह ने पुलिस फोर्स और प्रशासन के अधिकारियों के साथ इलाके में फ्लैग मार्च किया है। सभी को शांति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये हैं।

जामा मस्जिद पहुंचे एसएसपी डॉ ओपी सिंह घटना की जानकारी लेते हुए: जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *