बदायूॅं जनमत। गांव के बच्चों के साथ गंगा किनारे गया कक्षा आठ का छात्र कपड़े उतार कर गंगा में नहाने घुस गया। बता दें कि इन दिनों गंगा नदी बाढ़ से प्रभावित हैं, जिसके चलते बंधे तक सिर्फ पानी ही पानी है। कुछ ही दूर जाने के बाद छात्र गंगा में डूब गया, वहीं उसके साथी घबराते हुए वापस लौट आए। करीब आधा घंटा बाद परिजनों को इसकी सूचना मिली, वह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सब मिलकर डूबे छात्र को ढूंढने लगे। काफी मशक्कत के बाद छात्र का शव मिला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन, परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की बात कही और शव को अपने घर ले गए।
घटना उसहैत थाना क्षेत्र की है। यहां के गांव घसनगला निवासी रामरहीम का 12 वर्षीय पुत्र अनुज गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ता था। आज शनिवार सुबह करीब सात बजे वह बच्चों के साथ गांव के बांध पर गया था। बांध तक पानी होने की बजह से वह कपड़े उतार कर गंगा में नहाने लगा। नहाते समय वह एक गढ्ढे में चला गया, और वह वापस नहीं उछला। यह देख उसके सभी साथी घबराते हुए गांव की ओर दौड़ पड़े। लगभग आधा घंटा बाद अनुज के परिजनों को हादसे की सूचना मिली। इसके बाद वह और ग्रामीणों गंगा की ओर भागे, और अनुज की तलाश करने लगे। मशक्कत के बाद अनुज का शव मिला सका। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।

