ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद, आधा घंटा हुई फायरिंग से फैली दहशत

अपराध

बदायूॅं जनमत। दो पक्षों के बीच उस वक्त जबरदस्त फायरिंग हो गई जब गांव में एक पक्ष अपने मकान का लिंटर डलवा रहा था, उसी दौरान दूसरा पक्ष ट्रैक्टर लेकर आ गया। ट्रैक्टर निकलने के दौरान दोनों पक्षों में गालीगलौज हुई। बाद में फायरिंग हो गई। करीब आधे घंटे तक गोलियां चलीं। काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी जंगल की ओर भाग गए। अभी इस मामले में कोई पकड़ा नहीं गया है।
थाना मूसाझाग क्षेत्र का गांव चिंजरी थाना क्षेत्र का सबसे संवेदनशील गांव है। बताते हैं कि शनिवार सुबह एक पक्ष अपने मकान का लेंटर डलवा रहा था। सड़क पर उसके मकान का सारा सामान फैला हुआ था। बजरी-बजरफुट से पूरी सड़क घिरी हुई थी। उसी वक्त दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आ गया। उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने की कोशिश की। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। फिर उन्होंने एक-दूसरे को गालीगलौज कर दी। शोरशराबा सुनकर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और तमंचे आदि लेकर आ गए। उन्होंने एक-दूसरे के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के घर वाले अपने-अपने घरों में जाकर छिप गए। गांव में पूरा दहशत का माहौल हो गया। इस दौरान किसी की मोबाइल से फोटो खींचने या वीडियो बनाने तक की हिम्मत नहीं हुई। बताते हैं कि दोनों पक्षों में करीब आधा घंटा तक फायरिंग हुई।
कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी थी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई। इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि जब थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी गांव से भाग गए। इंस्पेक्टर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है। उनकी तलाश कराई जा रही है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *