बदायूॅं जनमत। पुलिस ने लूट की झूठी कहानी का पर्दाफाश किया है। सना कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी अजय कुमार ने अपने साथी विवेक भारती के साथ मिलकर 11 लाख रुपए हड़पने की साजिश रची थी। कंपनी के मैनेजर मोहम्मद जुबेर ने पुलिस को सूचना दी थी कि अजय कुमार से दो बदमाशों ने 11 लाख रुपए लूट लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान कई विरोधाभासी बातें सामने आईं।
पुलिस की सख्त पूछताछ में अजय कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि विवेक भारती के साथ मिलकर कंपनी के पैसे हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विवेक भारती के घर से पूरी धनराशि बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी अजय सिंह ग्राम ढका, थाना अलापुर का और विवेक भारती ग्राम शेखपुर, थाना बिल्सी का रहने वाला है। थाना वजीरगंज की पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार, अपराध निरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
