बदायूं में स्कूल प्रबंधक पर महिला शिक्षक से छेड़छाड़ का आरोप; सीएम से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। उझानी कस्बा स्थित एसेल आडियन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सुधांशु गुप्ता के खिलाफ वहां शैक्षिक कार्य कर चुकी महिला शिक्षक ने छेड़छाड़ व एससीएसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस यह कार्रवाई सीएम से की गई शिकायत के बाद अमल में लाई है। इसके साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उझानी कोतवाली में दर्ज एफआईआर के मुताबिक महिला शिक्षक ने जब से स्कूल में पढ़ाना शुरू किया, तभी से वहां का प्रबंध निदेशक सुधांशु गुप्ता महिला शिक्षक पर गलत नजर रखने लगा। अक्सर तानाकशी करता रहता था। 21 मई 2024 से 25 मई 2024 तक सुधांशु गुप्ता स्कूल के शैक्षिक कार्य व पर्यटन के लिए अपने साथ पीड़िता समेत एक अन्य महिला शिक्षक को लेकर हरिद्वार, ऋषिकेश, मंसूरी, मुरथल और आगरा अपने वाहन से गया था। आरोप है कि वहां भी पीड़िता के साथ आरोपी ने गलत हरकत करने की कोशिश की लेकिन पीड़िता के विरोध के कारण सफल नहीं हो सका। जबकि इसके बाद पीड़िता ने स्कूल जाना बंद कर दिया। हालांकि स्कूल के जॉब एग्रीमेंट समेत आरोपी द्वारा माफी मांगने और दोबारा ऐसी हरकत न करने के आश्वासन पर पीड़िता ने स्कूल जाना शुरू कर दिया।
एफआईआर के मुताबिक 30 जनवरी 2025 को आरोपी ने पीड़िता को यह कहकर स्कूल में रोक लिया कि वेतन बिल बनवाने हैं। शाम तक आरोपी इसी बहाने रोके रहा। जबकि बाद में अकेला पाकर छेड़छाड़ की। किसी तरह पीड़िता वहां से बचकर घर आई और इसके बाद स्कूल जाना बंद कर दिया। इसके बाद कोतवाली उझानी में मामले की तहरीर दी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। 16 जून को फिर से तहरीर दी लेकिन इस बार भी मामले में कार्रवाई नहीं हुई।

गाली गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे…

18 जून को एसएसपी से शिकायत की गई और 20 जून को पीड़िता अपनी बहन के साथ उझानी कोतवाली में कार्रवाई की स्थिति का पता लगाने पहुंची तो वहां आरोपी पहले से बैठा था। इस पर पीड़िता वहां से लौट आई। जबकि बाद में आरोपी समेत दो लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। धमकी भी दी गई लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने सीएम से मामले की शिकायत की है। अब मुकदमा लिखा गया है। इधर, आरोपी सुधांशु गुप्ता का पक्ष लेने को उनसे दूरभाष पर संपर्क साधने की कोशिश की गई तो उनकी कॉल रिसीव नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *