लकड़ी व्यापारी मुनीर अपहरण का खुलासा; मुंबई के ड्राइवर समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, कार भी बरामद

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। पुलिस ने ककराला निवासी लकड़ी व्यापारी मुनीर के अपहरण का खुलासा किया है। जिसमें मुंबई के ड्राइवर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि अलापुर थाना क्षेत्र में 22 अक्टूबर को ककराला के मुनीर का अपहरण हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार, मोबाइल फोन, रस्सी और चाकू बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों का मूल उद्देश्य शमशाद उर्फ नेता का अपहरण कर फिरौती वसूलना था। हालांकि, शमशाद के मौके पर न पहुंचने के कारण उन्होंने उसके कर्मचारी मुनीर को अगवा कर लिया। पुलिस ने मुनीर को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अलापुर थाना क्षेत्र के ककराला वार्ड 13 निवासी तसवीर के बेटे मुनीर उर्फ छोटा का अपहरण करने वाले पांच आरोपियों को अलापुर-ककराला मार्ग पर अमरूद के बाग के पास से गिरफ्तार किया गया। शमशाद उर्फ नेता लकड़ी की टाल चलाता है और मुनीर उसके यहां काम करता है। जुनैद, जो नेता के साढ़ू उरौलिया निवासी मुन्ने खां का बेटा है, का मकसद पैसे ऐंठना था। इसी योजना के तहत जुनैद ने शमशाद उर्फ नेता को लकड़ी देखने के बहाने कादरचौक थाना क्षेत्र के बेहटा डंबर गांव बुलाया था। लेकिन शमशाद खुद न जाकर उसने मुनीर को भेज दिया। जुनैद ने अपने साथियों आलम पुत्र अमजद, मोहम्मदगंज कादरचौक निवासी इब्ने अली उर्फ शाहरुख पुत्र नामे अली, अलीगढ़ के बन्ना देवी थाना क्षेत्र के बीबी सराय निवासी कैश मोहम्मद पुत्र मुकीम और महाराष्ट्र के डीबी मार्ग थाना निवासी पुष्पक म्हात्रे पुत्र संतोष म्हात्रे के साथ मिलकर मुनीर का अपहरण कर उसे कार में डाल लिया।
अगले ही दिन, 23 अक्टूबर को इंदौर पहुंचकर आरोपियों ने मुनीर के फोन से उसके परिजनों को कॉल कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस की सख्ती बढ़ने पर जुनैद और उसके साथी मुनीर को सेंट्रल मुंबई में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाद में मुनीर को वहीं से बरामद कर बदायूं ले आई।
आरोपी जुनैद ने पूछताछ में बताया कि वह अपने सगे खालू शमशाद से पैसे ऐंठने के इरादे से उसका अपहरण करना चाहता था। इसी योजना के तहत उसने अपने साथियों शाहरुख, कैश मोहम्मद, पुष्पक म्हात्रे, निगार और आलम के साथ 22 अक्टूबर को अलापुर पहुंचकर शमशाद को लकड़ी देखने के बहाने खेत में बुलाया। लेकिन शमशाद खुद नहीं गया और अपने सहयोगी मुनीर उर्फ छोटा को भेज दिया। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने मुनीर का अपहरण कर लिया और मुंबई लेकर भाग गए। उसे पीने के पानी में नशा देते थे ताकि वो भाग न सके। लगातार उसे गाड़ी में रखा गया।

मुंबई में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले…

मुख्य आरोपी जुनैद के खिलाफ महाराष्ट्र के मुंबई और यालीय जनवाई थाना क्षेत्रों में धोखाधड़ी, लूट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसी तरह आरोपी इब्ने अली उर्फ शाहरूख, कैश मोहम्मद और निगार आलम के खिलाफ भी थाना अलापुर में समान धाराओं के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पूर्व से अपराधी प्रवृत्ति के हैं और कई राज्यों में इनके विरुद्ध आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *