बदायूं में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष भिड़े; पथराव-फायरिंग में महिला समेत दो घायल

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। पुरानी रंजिश के चलते शुक्रवार की सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच पथराव-फायरिंग होने लगी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एक युवक को गोली लगने की बात कही गई लेकिन मेडिकल परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव खासपुर गौटिया में दो पक्षों में 15 साल से रंजिश चली आ रही है। कई बार झगड़ा हो चुका है। पुलिस शांतिभंग की कार्रवाई तक ही सीमित रही जिससे दोनों के हौसले बुलंद होते गए। बृहस्पतिवार को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इससे पूर्व बुधवार शाम को भी झगड़ा हुआ तो पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। बृहस्पतिवार को फिर से सूरजपाल व दन्ने में झगड़ा हो गया। सूरजपाल का आरोप था कि वह बिसौली से मटर का बीज लेकर अपने घर लौटा था तभी दन्ने ने दो साथियों ने साथ मारपीट व गाली गलौज की।
दन्ने का आरोप था कि सूरजपाल ने घर के सामने मारपीट की है। इस मामले में पुलिस ने सूरजपाल, जुगेंद्र व नेत्रपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। दूसरे पक्ष से दन्ने, सुरेंद्र व ज्ञानी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस बीच शुक्रवार की सुबह फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर पथराव हुआ। जिससे सूरजपाल पक्ष से जुगेंद्र व उनकी पत्नी गंभीर घायल हो गए। गांव के लोगों ने पथराव व फायरिंग की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस बल गांव पहुंच गया।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि दोनों पक्षों में रंजिश की बात सामने आई है। दो लोग घायल हुए हैं। फायरिंग की बात गलत पाई गई है। मारपीट के बाद पथराव हुआ है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *