बदायूं में बैंक मैनेजर को पत्नी ने पीटा; रोड पर गिराकर लात-घूसे मारे, महिला स्टाफ से चक्कर होने का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। एक बैंक मैनेजर की उसकी पत्नी ने ब्रांच के बाहर ही पिटाई कर दी। वह अपने भाइयों-रिश्तेदारों के साथ बैंक के बाहर पहुंची थी। पति के सामने आते ही महिला ने उसे धक्का दे दिया। इसके बाद सभी लोग उस पर टूट पड़े। बैंक मैनेजर को गिराकर लात-घूसों से मारा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
आरोपी प्राइवेट बैंक में रीजनल मैनेजर हैं। उसकी पत्नी का कहना है कि मेरे पति का स्टाफ की लड़की से अफेयर है। हम दोनों की एक बेटी होने के बाद भी पति को समझ नहीं कि वे क्या कर रहे। मैंने कई बार उनके मोबाइल में रील और चैट भी पकड़ीं। लेकिन वह समझाने पर भी नहीं माने।
घटना गुरुवार दोपहर बिसौली के मोहल्ला होली चौक की है। यहां स्थित प्राइवेट बैंक की रीजनल ब्रांच में धीरेंद्र सिंह पाल मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी संभल के चंदौसी की रहने वाली हैं। पत्नी ने बिसौली कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हमारी शादी को 8 साल हो चुके हैं। हम दोनों की दो महीने की एक बेटी भी है। धीरेंद्र का व्यवहार ठीक नहीं था। उनका बैंक में काम करने वाली एक लड़की से अफेयर है। इसका पता तब चला जब मैंने उनके फोन में चैट और कई रील्स देखे। मैंने विरोध किया तो वो मेरे साथ मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। उनके परिवार के लोगों से शिकायत की तो खर्च के पैसे देने भी बंद कर दिए। जिसके चलते मैं अपने घर संभल चली गई।

भाइयों संग पति को पीटने पहुंची…

महिला अपने भाइयों और कुछ रिश्तेदारों के साथ बैंक शाखा पहुंच गई। मैनेजर को बाहर मिलने के लिए बुलाया। जबतक मैनेजर कुछ समझ पाते तब तक पत्नी और 6 युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। बैंक के बाहर ही जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे। 15 सेकेंड के वीडियो मैनेजर को बुरी तरह पीटा जा रहा है।
इसके अलावा पत्नी ने दो रील्स और चैट पुलिस को सौंपी हैं। जिसमें मैनेजर कार में एक लड़की के साथ जाते दिख रहे हैं। दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े हुए हैं। साथ में फिल्मी गाना भी गुनगुना रहे हैं। इसके अलावा दोनों की चैट भी पुलिस को दी हैं, जिसमें मैनेजर पत्नी से छुटकारे की बात कर रहे हैं।
बिसौली कोतवाल हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला ने तहरीर दी है। कुछ चैट और रील्स भी दिखाई हैं। बैंक मैनेजर ने भी पत्नी के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है। दोनों की तहरीर पर जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसपर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *