बदायूॅं जनमत। दातागंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक निधि से बन रहे बरातघर का लेंटर भरभराकर ढह गया। ठेकेदार पर इसके निर्माण की जिम्मेदारी थी। रविवार को सुबह लेंटर डाला गया और शाम को पूरा धराशायी हो गया। इससे राजमिस्त्री को मामूली चोटें आई हैं। गांव के लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने इसके निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया था।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर का है। ग्रामीणों का कहना है कि लेंटर डाले जाने के बाद राजमिस्त्री लेवल ठीक कर रहा था। अचानक लिंटर गिरा तो राजमिस्त्री भी उसके साथ नीच आ गिरा हालांकि उसके मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही लेंटर गिरते समय वहां उसके नीचे मजदूर नहीं थे। इससे बड़ी घटना होने से बच गई। ठेकेदार यहां के नेता का करीबी बताया गया है।
आरोप है कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए साइट इंचार्ज जेई ने भी इस ओर कोई गौर नहीं किया। ठेकेदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को बरातघर की छत का लेंटर डालने के बाद नीचे लगी बल्ली के टूटने की वजह लेंटर गिर गया। इसके गिरने की सही वजह तो जांच के बाद ही पता लग सकेगी। वहीं ग्रामीणों ने इस मामले की किसी विश्वसनीय संस्था से जांच कराए जाने की मांग की है।

