बदायूॅं जनमत। एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने मंदबुद्धि पिता की 16 वर्षीय बेटी को छह महीने पहले दुष्कर्म का शिकार बनाया, जिससे वह गर्भवती हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा है।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार नौली फतुहाआबाद पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले पीड़ित परिवार में शिकायतकर्ता का बेटा मंदबुद्धि है। उसकी पत्नी का कई साल पहले निधन हो चुका है। मंदबुद्धि पिता अपने 15 वर्षीय बेटे और 16 वर्षीय बेटी के साथ रहता है। पीड़िता ने अपने बाबा को बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति ने छह महीने पहले उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस घटना के कारण वह गर्भवती हो गई है।
बाबा ने पीड़ित पोती को लेकर थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी के इस कृत्य के बारे में कई बार परिवार को बताना चाहती थी, लेकिन आरोपी की धमकियों के डर से उसने ऐसा नहीं किया।
उसहैत थाना अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जिसकी विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

