बदायूँ जनमत। थाना कोतवाली पुलिस ने महिला से कुंडल छीनकर भागने वाले शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। युवक के पास से लूटे गये कुंडल, एक मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है।
बता दें कि 27 अप्रैल को पीतमराम अपनी पत्नी नीलम व बेटी स्वानी के साथ उझानी से बरेली लौट रहे थे। थाना कोतवाली क्षेत्र के आश्रय आवास कॉलोनी के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने नीलम के दोनों कानों के कुंडल छीन लिए और फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई थी।
जिसके चलते बुधवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को कादरी तिराहे की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा। बारिश से गीली जमीन पर बाइक फिसलने के बाद उसने भागते हुए पुलिस पर जान से मारने की नीयत से तीन फायर किए। एक गोली आरक्षी पुष्पेन्द्र के दाहिने हाथ को छूती हुई निकल गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान पप्पू उर्फ बिकारूददीन (32 वर्ष) पुत्र अलाउद्दीन, निवासी नई सराय, थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर ऐसी वारदात करता है। 27 अप्रैल को आश्रय आवास के सामने उसी बाइक से महिला के कुंडल छीने थे। दोनों ने एक-एक कुंडल आपस में बांट लिया था। फरार साथी की तलाश जारी है।

