वाटरपार्क में बच्चे की मौत; दूसरे दिन कब्र से निकाला गया शव, केयरटेकर को भेजा जेल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले में अधिक वाटरपार्क मानकों के विपरीत संचालित हैं। वहीं अलापुर क्षेत्र में बने एक वाटरपार्क में आठ वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाटरपार्क के केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लापरवाही बरतने के आरोप में स्थानीय थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भसराला निवासी जफर का आठ वर्षीय पुत्र हसनैन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपने दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित वाटरपार्क में नहाने गया था। दोपहर करीब 1 बजे वाटरपार्क में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार और वाटरपार्क संचालक ने पुलिस को सूचित किए बिना, आपसी सहमति से बच्चे के शव को दफना दिया था।

प्रशासन ने कब्र से निकलवाया शव…

रविवार को जब पुलिस को इस घटना की भनक लगी, तो जिला मजिस्ट्रेट से अनुमति ली गई। इसके बाद तहसीलदार सदर दीपक कुमार की उपस्थिति में बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकाला गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बिना अनुमति और बिना मानकों के चल रहा था वाटरपार्क…

मृतक के पिता जफर की तहरीर पर पुलिस ने भसराला-अलापुर रोड स्थित इमादपुर में बने वाटरपार्क के मालिक जियाउद्दीन और केयरटेकर नदीम के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 106/2026, धारा-105 BNS के तहत केस दर्ज किया है। आरोप है कि वाटरपार्क का निर्माण बिना किसी सरकारी अनुमति के किया गया था और वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे।

वाटरपार्क सीज, लापरवाही पर पुलिसकर्मी नपे…

पुलिस ने अवैध रूप से संचालित इस वाटरपार्क को सीज कर दिया है। वहीं नामजद आरोपी केयरटेकर नदीम पुत्र रशीद खां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने खुद मौके पर जाकर जांच की। उनकी रिपोर्ट के आधार पर, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक अलापुर माधो सिंह बिष्ट और हल्का प्रभारी मनोज कुमार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट एसएसपी को भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *