शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का गाय को गोमाता दर्जा दिलाने का संकल्प, बदायूं में सरकार पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शनिवार को उझानी में गाय को गोमाता का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया। उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। शंकराचार्य ने कहा कि गाय को पशु कहना पाप है और जो लोग इसे गोमाता नहीं मानते, वे पाप कर रहे हैं।
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि उन्होंने सरकार से गाय को गोमाता घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को 40 दिन का समय दिया था। यह समय सीमा बीत जाने के बाद भी गाय को माता घोषित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि इस कारण उन्हें उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा की यात्रा पर निकलना पड़ा है। शंकराचार्य ने भाजपा पर गाय को गोमाता न कहने का आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से पूछा कि जो गाय को मां नहीं कह पाए, क्या आप ऐसे लोगों को वोट देना चाहेंगे। उन्होंने सनातन के नाम पर राजनीति करने वालों की भी आलोचना की। शंकराचार्य ने कहा कि ऐसे नेताओं को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।

गोमांस व्यापार पर चिंता जताई…

शंकराचार्य ने गोमांस व्यापार कम न होने पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में गाय के संरक्षण पर जोर दिया जाता है। इसके बावजूद गोमांस का व्यापार कम नहीं हो रहा है। भारतीय गोमांस विदेशों में भी मिल रहा है। उन्होंने इस दोहरे चरित्र को अस्वीकार्य बताया।

गोधाम निर्माण पर जोर…

शंकराचार्य ने आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से धोखा करने वाले नेताओं को सबक सिखाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जन सहयोग से गोधाम के निर्माण पर भी जोर दिया। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक हाजी विट्टन, सपा के प्रदेश मंत्री रजनीश गुप्ता, सुनील यादव, उदयवीर शाक्य और सर्वेश यादव सहित कई लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *