बदायूॅं जनमत। शनिवार रात घर से लापता युवक का शव रविवार सुबह जंगल में पलाश के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मोबाइल लोकेशन से युवक तक पुलिस पहुंची। इधर, सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को घर नहीं ले गए। परिजनों ने मैनपुरी हाईवे पर शव रखकर कादरचौक थाने के सामने जाम लगा दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
कादरचौक थाना क्षेत्र के लाभारी गांव निवासी सोरन कश्यप का 20 वर्षीय बेटा गिरिजेश शाक्य शनिवार देर शाम करीब आठ बजे घर से कहीं चला गया था। उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। कादरबाड़ी गांव के पास उसकी लोकेशन ट्रेस हुई, पुलिस लोकेशन ट्रेस करते हुए ककोड़ा जंगल तक पहुंची। रविवार सुबह ककोड़ा जंगल में युवक का शव पलाश के पेड़ पर लटका मिला। पुलिस ने युवक के शव को पेड़ से उतरवा कर पंचनामा की कार्रवाई करने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया।
भीड़ ने किया थाने का घेराव…
युवक के शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद परिजनों ने शव को थाने के सामने रखकर प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। परिजनों ने युवक की मौत पर हत्या की आंशका जताई। मामले की गहनता से जांच की मांग करते हुए मामले की जांच के बाद आरोपियों की पर कार्रवाई की मांग करते हाईवे को जाम कर दिया। करीब दो घंटे से अधिक समय से लगे जाम की वजह से सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।



