बदायूॅं जनमत। दो सगे मासूम भाईयों की निर्मम हत्या के बाद शहर का माहौल बिगाड़ने और आगजनी व रोड़ जाम करने वाले दंगाईयों के खिलाफ पुलिस प्रशासन कार्यवाही करने जा रहा है। अब तक सीसीटीवी फुटेज से करीब 60 दंगाईयों की पहचान कर उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की जा चुकी है। इसकी सूचना मिलने के बाद दंगाई खुद को बचाने का प्रयास करने में जुटे हुए हैं।
कुछ दंगाईयों ने तो सोशल मीडिया पर प्रशासन के कसीदे पढ़ने शुरू कर दिए हैं। जिससे वह प्रशासन की नज़र में अपनी अच्छी छवि बना सकें। हालांकि ये वो दंगाई हैं जो भीड़ को लीड कर रहे थे। साथ ही पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए रोड़ जाम कर तोड़फोड़ शुरू की थी। इनका वीडियो भी वायरल हुआ था। अब खुदको फंसता देख पुलिस के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शुरू कर दी है।
क्या थी वारदात…
बता दें कि 19 मार्च मंगलवार की शाम शहर के बाबा कालौनी में विनोद सिंह के दो मासूम बच्चे 1- आयुष (13) और 2- अहान (06) की कस्बा सखानूं निवासी साजिद ने हत्या की थी। वहीं आरोप है कि इस हत्याकांड में साजिद का भाई जावेद भी शामिल था। दोनों विनोद के मकान के सामने अपना सैलून चलाते थे। हत्याकांड के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी साजिद को मुठभेड़ में मारा गिराया था। वहीं दो दिन बाद जावेद ने बरेली में आत्मसमर्पण किया था। अभी तक पुलिस जांच में पता चला है कि साजिद मानसिक रोगी था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। लेकिन, पीड़ित पिता और हत्यारोपी साजिद-जावेद की मां इस बात से इंकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस निष्पक्ष रूप से जांच कर हत्या की सही वजह सामने लाए।