बदायूं के रामा हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

स्वास्थ्य

बदायूॅं जनमत‌। शहर के इंदिरा चौक के पास स्थित रामा अस्पताल में मंगलवार को एक और मरीज की मौत हो गई। इस बार पथरी का ऑपरेशन कराने वाले मरीज की मौत हुई है। उसके परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच परिजनों से जानकारी की।
अलापुर थाना क्षेत्र के निवासी 52 वर्षीय जगदीश चंद्र को 22 जुलाई को रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि मरीज के गुर्दे की पथरी का ऑपरेशन 23 जुलाई को हुआ था। ऑपरेशन करने के बाद डॉक्टरों ने परिजनों से कहा कि मरीज को घर ले जाओ और घर पर ही पट्टी करवाते रहना।

सोमवार की रात मरीज की हालत बिगड़ी तो परिजन उन्हें अस्पताल ले आए। ऑपरेशन के नाम पर अस्पताल स्टाफ ने मरीज के परिजन से 70 हजार रुपए भी ले लिए। मंगलवार सुबह अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया।

पहले भी हो चुके हैं बवाल…

बता दें कि पिछले दिनों इसी अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीज की मौत हो गई थी। तब मरीज के परिजनों ने गेट पर हंगामा किया था। दोनों तरफ से पथराव भी हुआ था। इस मामले में पुलिस ने अस्पताल के दो कर्मचारियों और मृतक के परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस घटना से पहले भी विवाद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *